मध्यप्रदेश में बीजेपी ने विरोध के साथ राहुल का पुतला जलाए,सीहोर में बीजेपी कांग्रेस में झड़प,एक घायल

ग्वालियर।कांग्रेस के मंच से बिहार के दरभंगा में पीएम मोदी को गाली दिए जाने के विरोध में मध्यप्रदेश में भाजपा ने विरोध प्रदर्शन किया है।ग्वालियर इंदौर, उज्जैन, सीहोर और गुना समेत कई जिलों में भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय के सामने विरोध किया।सीहोर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ गए। इसमें भाजपा का एक कार्यकर्ता घायल हो गया। 

ग्वालियर में  भाजपा और भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ता रैली के रूप में कांग्रेस कार्यालय पर पहुंचे और राहुल गांधी और जीतू पटवारी का पुतला दहन कर राहुल गांधी के साथ ही जीतू पटवारी के खिलाफ नारेबाजी की। इसी दौरान उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई जब डीडी मॉल की ओर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं भी वहां पहुंच गए और इन कार्यकर्ता 'वोट चोर गद्दी छोड़' के नारे लगाये। 

उज्जैन में बीजेपी ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की ।इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर बीजेपी कार्यकर्ताओं को रोका। बैरिकेड्स के दूसरी तरफ कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। 

इंदौर में भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर प्रदर्शन किया नारेबाजी की।

सीहोर में भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर राहुल गांधी का पुतला जलाया। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई। इसमें भाजपा का एक कार्यकर्ता घायल हो गया है।

  गुना में बीजेपी ने प्रदर्शन और नारेबाजी के साथ राहुल गांधी के पुतले की अर्थी निकाली गई।महिला मोर्चा की कार्यकर्ता अर्थी को अपने कंधों पर लेकर चलीं।​​​​​​​ कांग्रेस कार्यालय के सामने ही राहुल गांधी का पुतला भी दहन किया गया।